नई टिहरी।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। जिला टिहरी गढ़वाल की प्रतापनगर विधानसभा सीट इस बार सबसे चर्चित सीटों में शामिल होती दिखाई दे रही है। वर्तमान में इस सीट पर कांग्रेस का कब्जा है, लेकिन भाजपा संगठन चुनावी रणनीति को लेकर लगातार मंथन कर रहा है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि भाजपा प्रतापनगर विधानसभा से एक मजबूत और जनाधार वाले चेहरे पर दांव लगा सकती है। ऐसे में वर्तमान दर्जाधारी राज्य मंत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण का नाम प्रमुख दावेदारों में सामने आ रहा है।
सोना सजवाण पहले भी जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अपने जनप्रतिनिधि कार्यकाल के दौरान सोना सजवाण ने प्रतापनगर के दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। यही कारण है कि आज भी क्षेत्र के अनेक लोग उन्हें एक सक्रिय और जनसरोकारों से जुड़ा हुआ नेता मानते हैं।
सूत्रों के अनुसार, सोना सजवाण लगातार प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रही हैं। वे गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर रही हैं, स्थानीय समस्याओं को सुन रही हैं और भाजपा की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। उनके सार्वजनिक कार्यक्रमों और क्षेत्रीय सक्रियता की तस्वीरें भी लगातार सामने आ रही हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि भाजपा प्रतापनगर सीट पर स्थानीय संगठन, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवार का चयन करती है, तो सोना सजवाण एक मजबूत विकल्प साबित हो सकती हैं। क्षेत्र के कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का भी मानना है कि उनकी सक्रियता और संगठन में स्वीकार्यता उन्हें अन्य दावेदारों से अलग पहचान देती है। ऐसे में सभी की निगाहें पार्टी के निर्णय पर टिकी हुई हैं। लेकिन इतना तय है कि प्रतापनगर विधानसभा में चुनावी मुकाबला इस बार बेहद दिलचस्प होने वाला है और सोना सजवाण का नाम प्रमुख दावेदारों में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
