Cyclone Biparjoy LIVE: गुजरात के तटीय इलाकों के लिए मुसीबत बना बिपरजॉय
Cyclone Update Live: चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय अभी से अपना असर दिखा रहा है। मुंबई से लेकर केरल के तट तक समंदर में तूफानी लहरें उठ रही हैं। बता दें, अरब सागर में इस साल उठे चक्रवात को ‘बिपरजॉय’ का नाम दिया गया है।
नाव से पहुंचाए जा रहे जरूरी सामान
गुजरात के सियालबेट के ग्रामीणों तक जरूरी सामानों को नावों से पहुंचाया जा रहा है। इसकी एक वीडियो भी सामने आई है।
समुद्र में उठ रहीं ऊंची लहरें
तूफानी चक्रवात ‘बिपरजॉय’ के कारण गुजरात के द्वारिका के पास समुद्र में ऊंची लहरें देखने को मिली हैं। मौसम विभाग के अनुसार, गुजरात के कई जिलों में बाढ़ आने की संभावना है।
गुजरात की सीएम की अपील- घर के अंदर ही रहें
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने इस प्राकृतिक आपदा (बिपरजॉय) से निपटने के लिए पर्याप्त उपाय किए हैं। आपदा प्रबंधन के सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। बचाव, राहत और पुनर्वास व्यवस्था सुनिश्चित की है। उन्होंने सभी से अपील की कि समय-समय पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और घर के अंदर रहें। यदि आवश्यक हो अगर किसी को स्थानांतरित करना है, तो प्रशासन के साथ सहयोग करें।
4 हजार परिवारों का स्थानांतरित
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष सांघवी ने बताया कि बिपरजॉय के मद्देनजर द्वारका जिला प्रशासन ने समंदर के तट पर बसे 38 और आस-पास के 44 गांव के निचले इलाकों पर रहने वाले 4 हजार परिवारों को स्थानांतरित किया है। 138 महिलाओं की 20 तारीख से पहले डिलीवरी होनी है उन्हें उनके परिजन के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहले ही दिखने लगा मुंबई में तूफान का असर
तूफान का असर मुंबई में पहले ही दिखने लगा है। यहां सप्ताहांत में तेज हवाएं चलीं। मुंबई में तेज हवाओं ने धूल कणों के कारण हवा की गुणवत्ता और दृश्यता को भी प्रभावित किया। चक्रवात के कारण यहां ज्वार की ऊंची-ऊंची लहरें देखी जा रही हैं। इस बीच, खराब मौसम के कारण कई उड़ानें विलंबित या रद्द हो गईं हैं।
आईएमडी के अनुसार, रत्नागिरी, रायगढ़, ठाणे, पालघर और कोल्हापुर जिलों में अगले तीन-चार दिन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। 15 जून तक मुंबई के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
4,509 किसानों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों से निकासी भी शुरू कर दी है। देवभूमि द्वारका के जिला कलेक्टर अशोक शर्मा के मुताबिक, झोपड़ियों और कच्चे घरों में रहने वाले लोगों को निकालना शुरू कर दिया गया है। वहीं, कच्छ जिले में 4,509 किसानों और 2,221 नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
देवभूमि द्वारका जिले में 15 जून तक स्कूल बंद
चक्रवात के खतरे को देखते हुए देवभूमि द्वारका जिले में 15 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। देवभूमि द्वारका के कच्छ और शिवराजपुर के मांडवी बीच को लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। साथ ही ओखा बेयत द्वारका की नाव यात्रा पर भी रोक लगा दी गई है। वहीं, मछुआरों को 15 जून तक तट पर जाने को लेकर सतर्क कर दिया है।
भारी बारिश की आशंका
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद कच्छ, जामनगर, मोरबी, गिर सोमनाथ, पोरबंदर और देवभूमि द्वारका जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। इन जिलों में 13-15 जून के दौरान भारी बारिश और बहुत तेज हवा की गति वाले चक्रवात से प्रभावित होने की आशंका है, जो 150 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।
पश्चिम रेलवे ने 67 ट्रेनों को किया रद्द
बिपरजॉय अरब सागर में केंद्रित है। तूफान बेहद गंभीर चक्रवात से कमजोर होकर मंगलवार को बहुत गंभीर चक्रवात बन गया है, लेकिन यह गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ तट पर बना रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक यह 15 जून की दोपहर तक कच्छ के तट को पार करेगा, जिसकी रफ्तार 125-135 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है।
एहतियात के तौर पर पश्चिम रेलवे ने 67 ट्रेनों को रद्द कर दिया है और 43 अन्य को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। चक्रवात की तीव्रता कम होने के बावजूद, आईएमडी ने सौराष्ट्र-कच्छ तट के लिए अपने ऑरेंज अलर्ट को जारी रखा, क्योंकि बिपरजॉय की वजह से भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया स्थिति की निगरानी के लिए कच्छ के जिला मुख्यालय भुज का दौरा करेंगे।
कराची के बीच भूस्खलन की आशंका
बिपरजॉय के कारण 15 जून को गुजरात के कच्छ और पाकिस्तान के कराची के बीच भूस्खलन की आशंका है। इस बीच, गुजरात और महाराष्ट्र को हाई अलर्ट में रखा गया है। एनडीआरएफ के साथ-साथ तीनों सेनाएं भी अलर्ट मोड पर हैं।
गुजरात में आ सकती है तबाही
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि बेहद खतरनाक चक्रवात बिपरजॉय अपनी गति को फिर पकड़ सकता है। इसके कारण गुजरात में तबाही आ सकती है। गौरतलब है, चक्रवात ने हाल ही में भीषण रूप ले लिया था, लेकिन बाद में ये अपने बेहद खतरनाक चक्रवात के रूप में लौट आया था। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि ये फिर से अपनी गति को पकड़ सकता है।
मुंबई से लेकर केरल के तट तक समंदर में तूफानी लहरें
चक्रवातीय तूफान बिपरजॉय अभी से अपना असर दिखा रहा है। मुंबई से लेकर केरल के तट तक समंदर में तूफानी लहरें उठ रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आज यह उत्तर की ओर और फिर सौराष्ट्र-कच्छ तट की ओर बढ़ेगा, जिसे यह 15 जून को दोपहर तक पार कर जाएगा।